
बसना : सामान्य सभा की बैठक में अधिकारी अनुपस्थित, जनपद सदस्य नाराज प्रकाश सिन्हा ने कहा, अधिकारी पूर्ण जानकारी के साथ हो बैठक में शामिल
बसना। जनपद पंचायत बसना की पहली सामान्य सभा की बैठक में अनेक विभागों के अधिकारी शामिल नहीं हुए। बैठक में अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर नव निर्वाचित जनपद पंचायत के सदस्यों ने नाराजगी जताई।
सामान्य सभा की बैठक शुक्रवार को दोपहर 01 बजे जनपद पंचायत सभागार में हुई। बैठक में सभी सदस्यों एवं विकासखंड के अधिकारियों का औपचारिक रूप से परिचय कराया गया। इस दौरान बैठक में लोक निर्माण विभाग, खनिज तथा विद्युत विभाग, राजस्व विभाग, आबकारी विभाग, शिक्षा विभाग, वन विभाग, सिंचाई विभाग, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी शामिल नहीं थे। इस पर नव निर्वाचित जनपद सदस्य नाराज हो गए।
जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा ने बताया कि कुछ अधिकारी स्वयं उपस्थित नहीं होकर अपने अधिनस्थों को बैठक में भेजते हैं। इसकी वजह से कई विषयों पर सदस्यों को जानकारी नहीं मिल पाती। त्रिस्तरीय चुनाव के बाद जनपद पंचायत में नव निर्वाचित जनपद सदस्यों की पहली सामान्य सभा की बैठक में अनुपस्थित होने के कारण जमकर नाराजगी जताई। साथ ही अगली बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थिति सुनिश्चित करने का प्रस्ताव पारित किया।
जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा, कृष्ण कुमार पटेल एवं जन्मजय साव ने अपने क्षेत्र के स्वास्थ्य सुविधा, आंगनबाड़ी केंद्र, छात्रावास, महतारी वंदन योजना, कृषि विभाग के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा 15वें वित्त अंतर्गत कार्यों का अंतिम मूल्यांकन कर प्रस्तुत करने सब इंजीनियरों को निर्देशित किया गया। उद्यानिकी विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग सहित अन्य विभाग द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में जनपद अध्यक्ष श्रीमती डीलेश्वरी निराला, उपाध्यक्ष मोहित पटेल समेत जनपद सदस्य, मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीयूष ठाकुर, एसडीओ नयन प्रधान सहित विभिन्ना विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
पेयजल के संबंध में नहीं हुई चर्चा, अधिकारी रहे अनुपस्थित
ग्रीष्मकालीन के समय सबसे अतिआवश्यक कार्य पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करना होता है। बैठक में प्रकाश सिन्हा ने पेयजल की स्थिति के संबंध में जानकारी ली तब पता चल अधिकारी ही बैठक से गायब रहे। जिससे सदस्यों ने जमकर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि गर्मी में सबसे जरूरी जल की आपूर्ति करना है। अधिकारी के अनुपस्थित के कारण पेयजल के संबंध में चर्चा नहीं हुई।