
‘महतारी हुंकार रैली’ सभा को केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ.रमन सिंह ने किया संबोधित, सैकड़ों महिलाओं को साथ लेकर शामिल हुए डॉ.सम्पत अग्रवाल
बिलासपुर.केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आज बिलासपुर में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आयोजित महतारी हुंकार रैली में शामिल हुई, इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां हैं जिसमें उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ और प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर स्लोगन लिखे हुए हैं। वे भारतीय जनता पार्टी ज़िंदाबाद, छत्तीसगढ़ में शराब बंद करो, अबकी बार भाजपा सरकार के साथ ही जय श्री राम के नारे लगाती रहीं। सर्वप्रथम उन्होने मंच पर भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी को पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर महिला नेत्रियों ने फूलों की माला पहना कर स्वागत सत्कार किया। रैली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के अलावा भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह, बिलासपुर सांसद व प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, भाजपा प्रदेश मंत्री ओपी चौधरी, पूर्व विधायक सनम जांगड़े समेत सभी प्रमुख नेता उपस्थित थे।
इस दौरान महिला मोर्चा द्वारा आयोजित महतारी हुंकार रैली में नीलांचल सेवा समिति के संस्थापक व नगर पंचायत बसना पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा नेता डॉ.सम्पत अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं सहित प्रदेश के 50 हजार से अधिक महिलाएं व भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रैली देखकर सरकार की नींद उड़ गई है 16 लाख आवास छीन लिए गए, शराब बंदी का झूठा वादा किया गया था और सरकार अपनी वादे से मुकर गई।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भाजपा के महिला मोर्चा की महतारी हुंकार रैली में राज्य सरकार पर जमकर प्रहार किए। रैली में शामिल होने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने महिलाओं पर हो रहें अत्याचार पर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने राज्य सरकार से तीखे सवाल करते हुए कहा कि जब कोरोना काल में एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी घर-घर अनाज पहुंचा रहे थे, दूसरी तरफ यहां छत्तीसगढ़ सरकार लोगों के घर में शराब पहुंचा रहे थे। कांग्रेस की सरकार हमेशा से ही लोगों को लूटती आई है, देश का विकास करने के बजाय कांग्रेस के नेता अपना और अपने परिवार का विकास किए हैं।
डॉ.सम्पत अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार के खिलाफ महिलाओं के सम्मान में यह रैली आयोजित किए गए हैं।